मध्य प्रदेश के भोपाल में 'लव जिहाद' का मामला सामने आया है। जांच के दौरान पुलिस को हैरान कर देने वाली जानकारी मिली है। मुख्य आरोपी फरहान, कुछ छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर उन्हें अश्लील वेबसाइटों पर बेचने की योजना बना रहा था।
जांच के दौरान पुलिस को फरहान के मोबाइल में एक लिंक मिला, जिससे पुष्टि हुई कि वह अश्लील साइट्स से जुड़ा हुआ था। उसके इस अवैध काम में अबरार और नबील नाम के दो युवक भी शामिल थे। यह तीनों मिलकर वीडियो रिकॉर्ड करते थे और उन्हें लैपटॉप में सेव किया जाता था।
पुलिस को पता चला है कि अबरार और नबील के कमरे इन वीडियो की रिकॉर्डिंग के लिए उपयोग किए जाते थे। जैसे ही फरहान की गिरफ्तारी की खबर मीडिया में आई, अबरार और नबील शहर छोड़कर फरार हो गए।
तफ्तीश में सामने आया है कि साहिल खान नाम का एक और आरोपी डांस क्लास की आड़ में हिंदू लड़कियों से मेलजोल बढ़ाता था। उसकी एकेडमी में 30 से ज्यादा लड़कियां डांस सीखने आती थीं, जिनमें से कई के वीडियो भी बनाए गए। इन युवतियों को क्लब, निजी पार्टियों और बड़े होटलों में ले जाया जाता था।
जानकारी के अनुसार क्लब 90 नामक एक रेस्टोरेंट पर भी पुलिस की नजर है। जांच में पाया गया कि वहां पर नशीले पदार्थ और एकांत कमरे उपलब्ध कराए जाते थे। पुलिस जल्द ही रेस्टोरेंट के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सकती है।
इस मामले में मंगलवार को एक और छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। बागसेवनिया थाने पहुंची पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी फरहान ने उसका वीडियो भी बनाया था। पुलिस ने उसके बयान और सबूतों के आधार पर नई एफआईआर दर्ज कर ली है।