दिल्ली की राजिंदर नगर विधानसभा सीट पर सुबह से उपचुनाव के लिए मतदान जारी है. यहां दोपहर एक बजे तक 26 प्रतिशत वोटिंग हुई है। आम आदमी पार्टी (आप) से राघव चड्ढा के पंजाब से राज्यसभा जाने के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी। आम आदमी पार्टी ने यहां दुर्गेश पाठक को उम्मीदवार बनाया है।
वहीं भाजपा के पूर्व पार्षद राजेश भाटिया जबकि कांग्रेस से प्रेमलता यहां से उम्मीदवार हैं। अन्य राज्यों में विधानसभा क्षेत्र के हो रहे उपचुनाव की तुलना में दिल्ली में मतदान की रफ्तार काफी धीमी है। सुबह 11 बजे से एक बजे के बीच 11 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ जबकि शुरुआती दो घंटे के दौरान सिर्फ 5% मतदान हुआ था। उसके बाद नौ बजे से 11 बजे के दौरान 10% मतदान हुआ था।
सात बजे से राजिंदर नगर विधानसभा के 190 मतदान केंद्रों पर मतदान जारी है। इसमें विधानसभा क्षेत्र के 1.64 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उपचुनाव के दौरान सुरक्षा के लिहाज से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की छह कंपनियों सहित दिल्ली पुलिस के 308 कर्मी और होमगार्ड के 177 वॉलेंटियर भी तैनात किए गए हैं।