हरियाणा कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे कुलदीप बिश्नोई ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। गुरुवार को उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। दरअसल, कुलदीप बिश्नोई ने विधायक पद छोड़ने के बाद भाजपा का दामन थाम लिया है। लंबी बगावत के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला कर लिया था।
वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भाजपा मुख्यालय में उनका पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बिश्नोई का आना संगठन की मदद करेगा। उन्होंने बताया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का समर्थन कर रहे थे और हाल के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस में रहते हुए भी भाजपा का समर्थन किया था।
हालांकि, बिश्नोई ने यह साफ किया है कि आदमपुर उपचुनाव में उम्मीदवार को लेकर भाजपा फैसला लेगी। उन्होंने कहा था कि वह और राज्य के लोग चाहते हैं कि बेटा भव्य चुनाव लड़े। हाल ही में कांग्रेस में हुए फेरबदल के दौरान प्रदेश अध्यक्ष पद पर नाम को लेकर विचार नहीं करने के चलते वह बागी हो गए थे।
बता दें कि बुधवार को ही उन्होंने आदमपुर विधायक के तौर पर चंडीगढ़ से इस्तीफा दिया था। खास बात है कि कांग्रेस ने जून में ही उन्होंने निष्कासित कर दिया था। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में भी क्रॉस वोटिंग की थी।राज्य में कांग्रेस की जीत के बाद जब भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मुख्यमंत्री पद के लिए तरजीह दी गई थी, तो साल 2007 में बिश्नोई और उनके पिता भजन लाल ने हरियाणा जनहित कांग्रेस लॉन्च की थी।