यूपी के पीलीभीत से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई
है। बता दें कि 17 श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे
में एक ही परिवार के 9 लोगों सहित 10 की मौत हो गई। वहीं 7 लोग घायल हो
गए। इसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
दरअसल, सभी श्रद्धालु हरिद्वार से गंगा-स्नान करके घर
लौट रहे थे। एक्सीडेंट गजरौला थाना क्षेत्र के मालामुड़ के पास हुआ। मरने वालों
में दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में बचे प्रवीण ने बताया कि, सुबह कुछ लोग पिकअप में गहरी नींद में सोए हुए
थे। कुछ लोग जगे हुए थे। पिकअप जैसे ही गजरौला के पास पहुंची थी कि एक तेज धक्का
लगा। देखा तो पेड़ से टकराने के बाद पिकअप के परखच्चे उड़ गए थे। हर तरफ खून फैला
हुआ था। सूचना मिलने के बाद मौके पर
पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल
पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, सड़क हादसे पर CM योगी
ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि सड़क दुर्घटना में हुई लोगों की मौत
अत्यंत दुःखद है। अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेजी से संचालित करने तथा
घायलों के उपचार हेतु निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मृतकों के परिवार को दो
-दो लाख की आर्थिक सहायता देने घोषणा की गई है।