उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में शनिवार ( 3 अप्रैल 2025) की सुबह एक अवैध रूप से बने मदरसे को प्रशासन ने बुलडोजर की सहायता से गिरा दिया। यह मदरसा किच्छा तहसील के अंतर्गत कुरैया गांव में स्थित था और इसे सरकारी भूमि पर बिना स्वीकृति के संचालित किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, इस मदरसे में चार कमरे बने हुए थे, जहां बड़ी संख्या में बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे थे। प्रशासन का दावा है कि यह शिक्षण संस्था बिना किसी वैध दस्तावेजों के सरकारी जमीन पर कब्जा कर संचालित हो रही थी।
20 मार्च को प्रशासन ने जब दस्तावेज़ों की जांच की, तो यह सामने आया कि यह मदरसा अतिक्रमित भूमि पर बना है। इसके बाद इसे सील कर संचालक को नोटिस जारी किया गया था। लेकिन नियत समय में जवाब न मिलने पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
शनिवार तड़के सुबह एसडीएम मनीष बिष्ट और तहसीलदार दिनेश कुटौला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चार बुलडोजर की मदद से अलजामियातुल हुसैनिया नामक मदरसे को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही वहां बनी तीन अवैध दुकानों को भी गिराया गया।
प्रशासन ने बताया कि यह मदरसा पिछले 17 वर्षों से बिना किसी वैध स्वीकृति के आधे एकड़ बंजर भूमि पर चल रहा था। इसके खिलाफ कई बार चेतावनी और नोटिस दिए गए थे, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर अंततः ध्वस्तीकरण करना पड़ा।
रुद्रपुर के उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के अवैध निर्माणों पर प्रशासन की सख्त नजर बनी रहेगी और आवश्यकतानुसार कठोर कदम उठाए जाएंगे।