भारत, मध्यप्रदेश
भोपाल
शनिवार को यहां एक दिन में कोरोना के सबसे ज्यादा मरीज मिले। आज यहां पर 221 कोरोना संक्रमित मिले। इसके साथ राजधानी में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 5344 हो गया। राजधानी में शुक्रवार को शाम 8 बजे से 10 दिन का टोटल लॉकडाउन लग गया है। लॉकडाउन के पहले दिन बड़ी संख्या में पॉजिटिव मरीज मिले।राजधानी में कोरोना का संक्रमण कम्युनिटी स्तर पर पहुंच गया है। शनिवार को राज्य कोविड-19 सेंटर चिरायु अस्पताल के निदेशक अजय गोयनका के परिवार के चार सदस्य भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
बुधवार को 196 संक्रमित मिले थे। गुरुवार को 190 और शुक्रवार को मामूली राहत थी, जब 144 संक्रमित मिले थे, राजधानी में संक्रमितों की संख्या भी पांच हजार के पार पहुंच गई है। प्रदेश में इंदौर के बाद भोपाल सबसे ज्यादा संक्रमितों में शामिल है। कोरोना संक्रमण के चलते शुक्रवार को रात आठ बजे से चार अगस्त की सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन लगाने के आदेश दिए गए हैं। आज लॉकडाउन का पहला दिन है। भोपाल की सीमाएं सील कर दी गई हैं। बिना ई-पास के कोई भी आ-जा नहीं सकता है।