पहलगाम आतंकी हमले के बाद राज्य सरकार के सख्त निर्देशों पर अवैध रूप से भारत में रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अजमेर से एक और रोहिंग्या नागरिक को हिरासत में लिया गया है। अब तक अजमेर जिले में 30 से ज्यादा ऐसे विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह मामला मंगलवार ( 6 मई 2025) का है।
यह मामला दरगाह इलाके का है। दरगाह थाना प्रभारी दिनेश जीवनानी ने बताया कि रोहिंग्या नागरिक हुसैन सरदार उर्फ हुसैन अली (76) को दरगाह क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के चलते पकड़ा गया। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद पुष्टि हुई कि हुसैन सरदार सातखिरा का मूल निवासी है और 5 साल पहले अवैध रूप से भारत में रह रहा था। उसके पास मिले आधार कार्ड और राशन कार्ड फर्जी निकले हैं।
बता दें कि वह म्यांमार से करीब 7 साल पहले बांग्लादेश के रास्ते भारत में घुसा था। वह पहले असम के गुवाहाटी में रहा और फिर पश्चिम बंगाल होते हुए दिल्ली पहुंचा। लगभग 3 साल पहले अजमेर आया और दरगाह क्षेत्र में झुग्गी बनाकर रह रहा था।
पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि उसे शरण किसने दी और स्थानीय दस्तावेज बनवाने में किसकी भूमिका रही। इस संबंध में कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। अब तक 2200 से ज्यादा संदिग्धों की पहचान की जा चुकी है और करीब 400 लोगों के दस्तावेजों की वैधता की जांच की जा रही है।