केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को मध्यप्रदेश के राज्यपाल पद का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। मध्यप्रदेश के वर्तमान राज्यपाल लालजी टंडन काफी समय से अस्वस्थ चल रहे हैं। उनका इलाज लखनऊ के मेदांता अस्पताल में चल रहा है। आनंदीबेन पटेल जल्द भोपाल जाकर वहां पदभार ग्रहण करेंगी। श्री टंडन की अनुपस्थिति के कारण वहाँ राज्यपाल के काम प्रभावित हो रहे थे। इसलिए केंद्र सरकार ने यह निर्णय लिया। रविवार को राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से अतिरिक्त कार्यभार के संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के वर्तमान राज्यपाल लालजी टंडन की अस्वस्थता के चलते मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार नहीं हो पा रहा है जिसके कारण सरकार परेशान है। आनंदीबेन पटेल को प्रभार मिलने के बाद अब जल्द ही मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार होगा।
इधर लखनऊ में मेदांता अस्पताल ने लालजी टंडन का हेल्थ बुलेटिन जारी करते हुए उनकी तबीयत में सुधार की बात कही है लालजी टंडन गुर्दे, लिवर और किडनी की समस्याओं के चलते मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए थे जहां पर पहले उनको सपोर्टिव वेंटिलेटर पर रखा गया था लेकिन बाद में उनकी तबीयत में सुधार होने के बाद उनको वेंटिलेटर से हटा दिया गया। लालजी टंडन का हाल जाने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मेदांता अस्पताल भी आए थे।