गाजीपुर जिला कारागार से कल देर रात दो कैदी संदिग्ध हालात में फरार हो गए। कैदियों के गायब होने की खबर मिलते ही जेल प्रशासन के होश फाख्ता हो गए हैं। गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ओम प्रकाश सिंह के मुताबिक पूरे शहर की नाकेबंदी कर दोनों फरार कैदियों को ढूंढने के आदेश दिए गए हैं साथ ही पुलिस की कई टीमें भी इनको खोजने में लगाई गई है।
दोनों ही कैदियों को 22 मई को जेल लाया गया था, जिसमें से एक का नाम विकास यादव और दूसरे का नाम हिमांशु यादव है। दोनों कैदी पॉक्सो एक्ट के तहत जिला कारागार में बंद किए गए थे। शनिवार रात करीब 10 बजे कैदियों को भोजन देते समय जब कैदियों की संख्या का मिलान हुआ तो दोनों ही बंदी नदारद थे। इसकी जानकारी जेल के बड़े अफसरों के दी गई। जानकारी मिलते ही जेल की सभी बैरकों को खंगाला गया और फिर कैदियों से पूछताछ भी की गई लेकिन दोनों कैदियों के बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं थी। जिसके बाद दोनों को खोजने के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया और उनके छुपने के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई लेकिन फिलहाल दोनों कैदी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी जेल, डीएम गाजीपुर और एसपी गाज़ीपुर मौके पर पहुंच गए पूछताछ के बाद डीआईजी जेल बीआर वर्मा ने जेल के 2 कर्मचारी रामनाथ और अशोक पाठक को निलंबित करके जांच बैठा दी है।