भारत, मध्यप्रदेश
भोपाल
मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रिमंडल की बैठक में उन्हें श्रद्धांजलि दी। राज्य में 5 दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। प्रदेश में 21 जुलाई से 25 जुलाई तक 5 दिन कोई भी शासकीय कार्यक्रम नहीं होंगे। चौहान ने कहा- टंडन को मृदभाषी और मिलनसार राजनेता के तौर पर पहचाना जाता था। वे समाज के हर वर्ग में पसंद किए जाते थे। राज्यपाल का मंगलवार सुबह 5.35 बजे लखनऊ के मेदांता अस्पताल में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे। उन्हें पिछले 11 जून को पेशाब में संक्रमण की वजह से भर्ती कराया गया था। अस्पताल से जारी बुलेटिन में बताया गया कि जांच में उनके लिवर में संक्रमण पाया गया था। 24 घंटे में उनके लिवर ने काम करना बंद कर दिया था। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है।