नोएडा जिले की सबसे बड़ी चोरी के मामले में मास्टरमाइंड गोपाल को दिल्ली की जेल से रिमांड पर लाने का रास्ता साफ हो गया है। नोएडा पुलिस को अदालत से उसका वॉरंट मिल गया। अब पुलिस उसे चोरी के मामले में नोएडा लाकर पूछताछ कर सकेगी।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि मास्टरमाइंड गोपाल का रिमांड गुरुवार को बन गया। अब आगे की कार्रवाई का खाका तैयार किया जा रहा है। शुक्रवार को पीसीआर के लिए अप्लाई किया जाएगा। गोपाल चोरी के मामले से जुड़ी कई बातों का खुलासा कर सकता है।
दरअसल ग्रेनो के सिल्वर सिटी-2 सोसायटी के फ्लैट नंबर-301 से अगस्त में चोरों ने 36 किलो सोना और छह करोड़ से अधिक की नकदी चोरी की थी। चोरी का असली मास्टरमाइंड गोपाल ही था। गोपाल की गिरफ्तारी के लिए नोएडा पुलिस ने कई जगह दबिश दी लेकिन उसे कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस ने तमंचे संग गिरफ्तार कर लिया था। नोएडा पुलिस को उसकी गिरफ्तारी की जानकारी दो दिन बाद हुई।