सीएम योगी आदित्यनाथ ने बिहार विधानसभा चुनाव के साथ ही अब यूपी विधानसभा चुनाव की भी कमान संभाल ली है। आज गुरुवार को उपचुनाव में प्रचार के लिए मुख्यमंत्री ने बुलंदशहर, अमरोहा और टूंडला में जनसभाएं की। जानिए इन सभाओं में योगी ने क्या कहा?
बुलंदशहर में योगी ने कहा
सीएम योगी ने बुलंदशहर में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए जो सपना देखा था, केवल बीजेपी ने उनका सपना पूरा किया है। कोई दूसरा दल कभी भी उनके सपनों को साकार नहीं कर सकता है
सीएम ने कहा कि बुलंदशहर में पहले गुंडे माफिया सत्ता के संरक्षण में गरीबों का शोषण करते थे। आज माफिया प्राणो की भीख मांग रहे हैं ,आपने जो ताकत दी थी आज उस ताकत का गुंडों माफियाओं के खिलाफ इस्तेमाल हो रहा है, उनकी अकूत सम्पत्तियों पर बुलडोज़र चल रहा है।
टूंडला, फिरोजाबाद की जनसभा
मुख्यमंत्री ने यहां विधानसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार प्रेमपाल धनगर के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जहां विपक्षी दलों पर तीखे प्रहार किए, वहीं भाजपा सरकार के कार्यों को गिनाया।
टूंडला के बीरी सिंह कॉलेज के मैदान पर हुई चुनावी जनसभा के मंच पर गुरुवार दोपहर तकरीबन तीन बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी पहुंचे। सभा में मौजूद लोगों ने भारत माता की जयकार से मुख्यमंत्री योगी का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा के शासन में उत्तर प्रदेश को गुंडाराज से मुक्ति मिली है। गुंडों की जगह या तो जेल में है या फिर राम राम सत्य हो रहा है। हमारे शासन में गुंडों को सड़क पर घूमने की आजादी नहीं है। भाजपा सरकार में अभी तक प्रदेश में कहीं कोई दंगा नहीं हुआ है।
अमरोहा की जनसभा
यहां कैबिनेट मिनिस्टर चेतन चौहान के निधन से रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव हो रहा है।यहां योगी ने कहा कि "अब प्रदेश में अमरोहा के ढोलक की थाप गूंज रही है। अपराधी गायब हैं। पुलिस गुंडों को ठोक रही है। मुजफ्फरनगर और कैराना दंगा आप लोग भूले नहीं होंगे। अब सब सुकून से हैं। पहले गुंडे गरीब की संपत्ति पर कब्जा करते थे, अब माफिया की संपत्ति पर सरकार का बुलडोजर चल रहा है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने माता की जय और वंदेमातरम से संबोधन शुरू करते हुए स्व. चेतन चौहान को श्रद्धांजलि दी"