कर्नाटक में अंतरधार्मिक प्रेम संबंधों के मामले में एक और युवक की हत्या का मामला सामने आया है। यहां के विजयपुरा जिले में दूसरे धर्म की लड़की से प्रेम करने वाले एक 34 वर्षीय युवक का पहले अपहरण किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस को उसका शव एक तालाब में मिला है। मामले में लड़की के मामा और उसके छोटे भाई को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित शख्स का नाम रवि है।
इस घटना में किसी अन्य पक्ष की संलिप्तता की बात सामने नहीं आई है। पुलिस ने फ़िलहाल आरोपितों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। महिला ने 21 अक्टूबर को ही पुलिस को बताया था कि उसके परिवार वालों से रवि को खतरा है। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को पकड़ा।अगले दिन उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया और इसके अगले दिन रवि की लाश बरामद हुई। महिला को फ़िलहाल प्रशासन के संरक्षण में रखा गया है।
चार साल से रिलेशन में था रवि
विजयपुरा जिले के बलगानूर गांव का रहने वाला पीड़ित रवि पिछले चार साल से दूसरे धर्म की एक महिला के साथ रिलेशन में था। इस बीच लड़की के परिजनों ने उसे धमकाते हुए रिश्ते को खत्म करने को कहा। रवि के परिजनों का आरोप है कि रवि गुरूवार को अपने घर से सामान खरीदने निकला था, लेकिन घर नहीं लौटा। जब परिजनों ने उसकी तलाश की तो उन्हें पास के ही एक खेत में उसकी चप्पलें और कपड़े मिले।
लड़की के मामा और छोटे भाई ने कबूला अपराध
पुलिस ने बताया कि कंट्रोल रूम पर कॉल आने के बाद वे लड़की को उसकी सुरक्षा के लिए तत्काल पुलिस स्टेशन लेकर आए। इसके बाद पुलिस ने लड़की के मामा और छोटे भाई को हिरासत में लिया और उन्होंने रवि की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस अधीक्षक एचडी आनंद ने बताया, "लड़की का पिता और बड़ा भाई लापता थे, इसलिए हमने उसके मामा और छोटे भाई को हिरासत में ले लिया। उन्होंने गुनाह कबूल कर लिया है।"
हत्या में कितने लोग शामिल, पुलिस कर रही जांच
मामा और छोटे भाई द्वारा दी गई सूचना के आधार पर ही पुलिस ने रवि का शव तालाब से बरामद किया है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और कितने लोगों ने इस हत्या को अंजाम दिया, उसकी जांच की जा रही है।