इनपुट-अखिल तिवारी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री सुरेश खन्ना, स्वास्थ्य मंत्री श्री जय प्रताप सिंह, मुख्य सचिव श्री आर0के0 तिवारी, औद्योगिक एवं अवस्थापना आयुक्त श्री आलोक टण्डन, कृषि उत्पादन आयुक्त श्री आलोक सिन्हा, अपर मुख्य सचिव गृह श्री अवनीश कुमार अवस्थी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में उद्योग और निवेशकों को अधिक से अधिक प्रोत्साहन देने के लिए कई फैसले लिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उद्योगों के लिये नीति का सरलीकरण किया गया है। आवश्यकता इस बात की है कि निवेशकों को सभी सुविधाएं सुलभ कराई जाएं। उद्योगों की स्थापना के लिये उनको अधिक से अधिक प्रोत्साहन दिया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में औद्योगिक निवेश का विशेष महत्व है। इससे जहां एक तरफ विकास होता है, तो दूसरी तरफ लोगों को रोजगार भी मिलता है। अतः प्रदेश में उद्योगों की स्थापना के लिये अधिकारी पूरी रुचि लेकर कार्य करें।
धान क्रय केन्द्रों के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इन केन्द्रों पर किसानों को सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं और उनका भुगतान समय से कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील किसान भी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसलिए उन्हें प्रगतिशील खेती के लिये प्रेरित किया जाए।
गोआश्रय स्थलों के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इन्हें आय का केन्द्र बनाया जाए। इसके लिये इन्हें सी0एन0जी0 उत्पादन, गोबर के दीप निर्माण तथा अन्य आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने नगर विकास विभाग को शहरी क्षेत्रों में लागू की जा रही अमृत मिशन तथा स्मार्ट सिटी योजनाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के तहत कराये जाने वाले विकास कार्य पूरी गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरी किये जाएं।