मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बुधवार को देवरिया के जिला अस्पताल स्थित कोविड अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही दवाई और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। सीएम देवरिया में निरीक्षण एवं कोविड प्रबंधन की समीक्षा बैठक करने के बाद कुशीनगर रवाना हों गए।
यहां उन्होंने साफ-सफाई पर ध्यान देने को कहा। इस दौरान उन्होंने बाहर से आने वाले लोगों को क्वारैंटाइन कराने की बात कही।वहीं मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रट स्थित इंटीग्रेटेड कोविड-19 कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 बेड कोविड मरीजों के लिए रहने दो और 150 पोस्ट कोविड वार्ड बना दो, जिससे यहां कोरोना से निगेटिव होने के बाद जिन मरीजों को परेशानी हो रही है। उनको भर्ती कर उनका इलाज किया जा सके।
कोरोना से बचाव के लिए उठाए जा रहे कदमों की ली जानकारी
उन्होंने मरीजों से सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अस्पताल में मौजूद जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन एवं तथा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर आलोक पांडे से कोरोना से बचाव के लिए किए जा रहे उपायों एवं व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। कोविड अस्पताल में मुख्यमंत्री करीब 5 मिनट रहे। इसके पश्चात कलेक्ट्रेट स्थित कोविड कमांड सेंटर के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री ने आक्सीजन प्लांट का लिया जायजा
देवरिया महिला अस्पताल स्थित एमसीएचविंग कोविड एल-टू अस्पताल का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने निर्माणाधीन ऑक्सीजन प्लांट का जायजा लिया। उसके बारे में पूरी जानकारी ली।
सीएमओ डॉ आलोक पांडेय ने बताया कि सारा काम पूरा कर लिया गया है। बस इसे चालू करना शेष है। शाम तक ऑक्सीजन प्लांट काम करना शुरू कर देगा। इसके बाद वह कोविड हाल के कंट्रोल रूम पहुंचे। यहां डॉ राहुल त्रिपाठी व प्रशिक्षु एसडीएम अरुण कुमार से जानकारी ली। यहां अभी 26 वेंटिलेटर व 30 बेड पर आईसीयू की सुविधा उपलब्ध है।