उत्तर प्रदेश के इटावा में भारी बारिश ने तबाही का मंज़र बना दिया है। इटावा में बुधवार रात से भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण जनपद में तीन जगह दीवारे गिर गई जिसमें 7 लोगों ने अपनी जान गवा दी। हादसे के बाद से आस-पास रहने वाले लोगों में हंगामा मचा हुआ है।
आपको बता दें कि पहला हादसा सिविल लाइन इलाके के चंद्रपुरा गांव में कच्ची दीवार गिरने से हुआ। टीनशेड के नीचे दादी के साथ सो रहे चार बच्चों की मौत हो गई। चारों सगे भाई-बहन की पहचान 10 वर्षीय सिंकू, 8 वर्षीय अभि, 7 वर्षीय सोनू, 5 वर्षीय आरती से की गई है।
वहीं दूसरा हादसा थाना इकदिल के कृपालापुर गांव का है। यहां भी कच्ची दीवार गिरने से बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई।
साथ ही तीसरा हादसा महेवा ब्लॉक इलाके की ग्राम पंचायत अंदावा के मजरा बंगलन में हुआ। यहां कच्ची दीवार गिरने से 50 वर्षीय जबर सिंह की मौत हो गई।
आपको बता दें कि दीवारों गिरने से हुई मौतों पर सीएम योगी अदित्यनाथ ने दुख जताया। डीएम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तत्काल पहुंचने आदेश दिए हैं। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की राहत राशि देने का भी निर्देश दिया गया है।