जबलपुर के बेलखेड़ा के गोकलाहार गांव से रिश्तों को तार तार कर देना वाला मामला सामने आया है जहा एक बेटे ने पहले अपने वृद्ध पिता को और फिर अपनी जवान पत्नी को कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया।इन हत्याओं को लेकर जब आरोपी से कारण पूछा गया तो उसकी बात सुन सब हैरान रह गए। उसने बताया कि दोनों के बीच अवैध संबंध थे।
बेलखेड़ा थाना प्रभारी सुजीत श्रीवास्तव ने बताया की गोकलाहार गांव निवासी अर्जुन सिंह लोधी ने पुलिस को डबल मर्डर की सूचना दी। उसने बताया कि भतीजे संतोष लोधी (35) ने शुक्रवार की देर रात अपने पिता और पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही बेलखेड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। संतोष लोधी रक्तरंजित कुल्हाड़ी लेकर घर के दरवाजे पर बैठा हुआ था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। घर के अंदर पुलिस पहुंची तो एक कमरे में बिस्तर पर पिता अमान सिंह लोधी (65) लहूलुहान हालत में मृत पड़े थे। तो फर्श पर कविता लोधी (32) खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। पूरे कमरे में खून बिखरा हुआ था।
संतोष लोधी और कविता लोधी की शादी 15 साल पहले हुई थी। उनकी 14 साल का बेटा और 12 साल की बेटी है। पिता के खूनी खेल का मंजर देख दोनों सन्न रह गए। पड़ोस में रहने वाले संतोष लोधी के चाचा अर्जुन लोधी दोनों बच्चों को अपने घर ले गए।