रामजन्मभूमि में विराजमान रामलला के चढ़ावे की धनराशि से रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का कोष लगातार बढ़ता जा रहा है। ट्रस्ट के कोष में फिलहाल एक अरब से ऊपर राशि रामभक्त के दान से आ चुकी है। इसकी पुष्टि रामजन्मभूमि ट्रस्ट के कार्यालय प्रभारी प्रकाशकुमार गुप्त ने की। उन्होंने बताया कि रविवार को भी सैकड़ों श्रद्धालुओं ने यथाशक्ति राम मंदिर के निर्माण में योगदान दिया। वहीं नागपुर से आए आठ रामभक्तों ने अलग-अलग 11-11 चांदी के सिक्के दान में दिए है। इन्होंने अपना गुप्त रखा है। इसी तरह से एक दिन पहले आए कुशीनगर के सांसद विजयकुमार द्विवेदी व गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अतुल सिंह ने भी तीन किलो चांदी ट्रस्ट को दान में दी है।
विहिप 4 लाख गांवों के 11 करोड़ रामभक्त परिवारों से मांगेगी चंदा
विहिप के केन्द्रीय मार्ग दर्शक मंडल की बैठक हरिद्वार में न होकर अब दिल्ली में ही होगी। दस व 11 नवम्बर को आयोजित इस बैठक में देश भर के विभिन्न सम्प्रदायों के धर्माचार्य शामिल होंगे। यह धर्माचार्य रामजन्मभूमि में विराजमान रामलला के मंदिर निर्माण के लिए सहयोग राशि जुटाने के लिए देश के चार लाख गांवों के 11 करोड़ रामभक्त परिवारों से व्यापक सम्पर्क की मुहिम चलाने के निर्णय पर अपनी मुहर लगाएंगे। इसके उपरांत मुहिम की विधिवत तैयारी शुरु की जाएगी। जन सम्पर्क की यह मुहिम मकर संक्रांति से शुरू हो जाएगी।