कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा सांसद राहुल गांधी के साथ पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का भी आज हाथरस के पीड़ित परिवार से मिलने का कार्यक्रम है। इसी बीच सरकार ने जिले की सभी सीमाएं सील कर दी है और धारा 144 लगा दी है। हाथरस में इस पीड़ित परिवार की सुरक्षा में तैनात तीन पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित हैं। इसी कारण गांव को कंटेनमेंट जोन भी घोषित किया जा सकता है।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के गुरुवार को हाथरस में पीडि़ता के गांव जाने की तैयारी की सूचना पर उनको गौतमबुद्धनगर के साथ ही मथुरा में रोकने की तैयारी है। दोनों जगह पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। माना जा रहा है कि राहुल गांधी व प्रियंका को नोएडा बॉर्डर से ही लौटा दिया जाएगा।
सभी जगह पर टोल प्लाजा के साथ यमुना एकसप्रेस-वे पर भी वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। प्रियंका गांधी के हाथरस जाने की सूचना पर मथुरा में तो यमुना एक्सप्रेस वे पर चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के हाथरस जाने की सूचना पर गौतमबुद्धनगर के डीएनडी पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। यहां पर सभी वाहनों की तलाशी ली जा रही है। यहां कांग्रेस महानगर के नेता डीएनडी पर जमा हो रहे हैं। गौतमबुद्धनगर ने इसके साथ ही नोएडा-दिल्ली के सभी बॉर्डरों पर सख्ती बढ़ा दी है।