बागपत में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष संजय खोखर की हत्या करने वाले दो आरोपियों को बागपत पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। भाजपा नेता संजय खोखर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। संजय खोखर के दो गोलियां मारी गई थी जिसमें से एक गोली उनके सिर पर और दूसरी गोली उनके सीने पर लगी थी जिसके बाद संजय खोखर की मृत्यु हो गई थी। संजय खोखर की मौत के बाद बागपत से लेकर लखनऊ तक हड़कंप मच गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर अपनी नाराजगी जताते हुए 24 घंटे का समय पुलिस को दिया था। सीएम ने अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि 24 घंटे के अंदर उनको इस घटना पर कार्रवाई के साथ रिपोर्ट चाहिए, जिसके बाद पुलिस के आला अधिकारी बागपत में कैंप कर रहे थे। आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी भी की जा रही थी। मृतक के परिवार वालों ने हत्या के लिए जिनको आरोपी बताया था उनमें से दो अपराधियों को आज बागपत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम अंकुश और मयंक डागर है। इन दोनों के अतिरिक्त तीन अन्य आरोपी अभी फरार है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों ने बताया कि साल 2018 में हुए एक विवाद के चलते भाजपा नेता की हत्या की गई। साल 2018 में भाजपा नेता ने एक व्यक्ति की पिटाई कर दी थी जिसके बाद वह 1 साल तक स्वस्थ नहीं हो पाया। ठीक होने के बाद उसने अपने साथियों के साथ संजय खोखर की हत्या का षड्यंत्र रचा। जिसके बाद मॉर्निंग वॉक पर निकले संजय खोखर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस अन्य 3 आरोपियों को भी गिरफ्तार करने की कोशिशों में लगी हुई है।
बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोकर की हत्या के मामले में लापरवाही के मद्देनजर राज्य सरकार ने एक्शन भी लिया गया था। बागपत के एसपी सिटी अनित कुमार का ट्रांसफर किया गया इसके अलावा तीन और पीपीएस और एक आईपीएस अफसर का तबादला किया गया था।