भारत और चीन सीमा विवाद के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लेह के स्टाकना पहुंचे हैं। यहां व्यू प्वाइंट पर वायुसेना और थल सेना के जवानों ने अपना पराक्रम दिखाया। इस दौरान पैरा कमांडोज ने युद्धाभ्यास किया। यह वही क्षेत्र है जहां भारत और चीन के सैनिक आमने-सामने आए थे। रक्षा मंत्री इस दौरान हथियार थाम कर निशाना लगाते दिखे। कहीं न कहीं रक्षा मंत्री द्वारा दिया गया ये सीधा संकेत है कि हम शांति चाहते हैं पर नापाक हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
बता दें कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन लेह पहुंच चुके हैं। यहां पांच घंटे बिताने के बाद सिंह कश्मीर लौट आएंगे। शनिवार को बाबा बर्फानी के दर्शन करने के साथ ही उप राज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू और सैन्य कमांडरों के साथ उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा भी करेंगे। रक्षा मंत्री के साथ सेना अध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे भी पहुंचे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद रक्षा मंत्री पूर्वी लद्दाख में सैन्य तैयारियों का जायजा लेने के साथ ही जवानों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाएंगे। रक्षा मंत्री पूर्वी लद्दाख में एलएसी के अग्रिम मोर्चों का दौरा कर वहां चल रही ऑपरेशनल तैयारियों का जायजा लेंगे। साथ ही सैन्य कमांडरों के साथ तैयारियों की समीक्षा करेंगे।