किसान बिल के विरोध में आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई कांग्रेसी नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कांग्रेसियों ने बिल के खिलाफ विधानसभा घेराव का एलान किया था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को परिवर्तन चौक से गिरफ्तार किया गया है। उधर, धरना प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे कांग्रेसी कार्यकताओं को अयोध्या हाईवे पर रोका गया है। अहमदपुर टोल प्लाजा और मोहम्मदपुर चौकी पर भारी संख्या में पुलिस बलों ने वाहनों की चैकिंग भी की है।
वहीं लखनऊ समेत विभिन्न जिलों में कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को घरों में नजरबंद किया गया है। इसके अलावा जिले में कई जगह लखनऊ जा रहे कांग्रेसियों को हिरासत में भी लिया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन को आज उत्तर प्रदेश पुलिस ने नजरबंद कर दिया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसान बिल का विरोध करने वालों को किसान विरोधी बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने का जो वादा किया था, ये विधेयक उसी की एक कड़ी है। यह विधेयक किसानों को बिचौलियों के चंगुल से मुक्त कराएगा और उन्हें अपनी पसंद के मुताबिक अपने उत्पाद बेचने का विकल्प देगा।